यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 206 पीपीएस अधिकारियों के तबादले

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से योगी सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 206 पीपीएस (प्रांतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी सूची में मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात अधिकारियों समेत कई जनपदों और इकाइयों के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात जितेंद्र कुमार को पुलिस उपाधीक्षक, शाहजहांपुर के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं महाराजगंज में तैनात अनिरुद्ध कुमार को पुलिस उपाधीक्षक, महोबा बनाया गया है।
इसी क्रम में भदोही के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार मिश्रा को 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा में सहायक सेनानायक के पद पर तैनात किया गया है। कौशांबी में तैनात अभिषेक सिंह को पुलिस उपाधीक्षक, बलरामपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
झांसी के पुलिस उपाधीक्षक अजय कुमार श्रोतिया का तबादला अमरोहा किया गया है, जबकि शाहजहांपुर में तैनात पंकज पंत को रामपुर भेजा गया है। गोरखपुर के पुलिस उपाधीक्षक उदय प्रताप सिंह को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) के पद पर नियुक्त किया गया है।
सरकार का मानना है कि इस व्यापक तबादला नीति से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। अधिकारियों के नए पदस्थापन से विभिन्न जिलों और इकाइयों में प्रशासनिक संतुलन स्थापित करने का प्रयास किया गया है।