जौनपुर: पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए बाइक सवार बदमाश, मुकदमा दर्ज


जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस टीम पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध बाइक सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक रामाशीष यादव अपने हमराहियों आरक्षी संदीप गौड़, आरक्षी समीर यादव, आरक्षी जयहिंद तथा सरकारी वाहन चालक पीआरडी आशीष कुमार के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कोठिया की बारी, ग्राम सुरेरी के पास रात करीब दो बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक सुरेरी बाजार की ओर से आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने जब उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने रुकने के बजाय अवैध असलहे निकाल लिए और पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने सतर्कता और सूझबूझ का परिचय देते हुए खुद को सुरक्षित रखा।
फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भदोही की दिशा में फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई और इलाके में सघन कांबिंग अभियान शुरू कर दिया गया।
उपनिरीक्षक की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights