शादी के लिए बना फर्जी दरोगा, सहारनपुर में खुली पोल


सहारनपुर। शादी के लिए खुद को दरोगा बताकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे एक युवक की पोल सहारनपुर में खुल गई। युवक पुलिस की वर्दी पहनकर खुद को वर्ष 2023 बैच का उपनिरीक्षक बताता था और अपनी तैनाती सहारनपुर में होने का दावा करता था।
जानकारी के अनुसार, बरेली निवासी मोहम्मद कासिम पिछले कई महीनों से पीलीभीत के एक परिवार से शादी की बातचीत कर रहा था। उसने खुद को पुलिस विभाग में कार्यरत दरोगा बताया था। रिश्ते की बातचीत आगे बढ़ने पर लड़की पक्ष के लोग उससे मिलने सहारनपुर पहुंचे।
कासिम ने परिवार को बताया कि उसकी ड्यूटी कलेक्ट्रेट में लगी है। जब परिवार वहां पहुंचा तो वह पुलिस की वर्दी में मिला। इसी दौरान वहां मौजूद उपनिरीक्षक अमित कुमार को उस पर संदेह हुआ। पूछताछ में जब उससे भर्ती, रोल नंबर और तैनाती से जुड़े सवाल किए गए तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
शक गहराने पर पुलिस उसे हिरासत में लेकर सदर बाजार थाने ले गई, जहां पूछताछ में उसकी सच्चाई सामने आ गई। कासिम ने स्वीकार किया कि उसका पुलिस में चयन नहीं हुआ था और न ही उसने कोई ट्रेनिंग प्राप्त की थी। उसने केवल शादी के लिए अपना रुतबा बढ़ाने के उद्देश्य से दरोगा की वर्दी पहन रखी थी।
मामले में थाना प्रभारी कपिल देव ने बताया कि युवक से पूछताछ की गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद लड़की पक्ष ने राहत की सांस ली कि समय रहते युवक की सच्चाई उजागर हो गई और वे किसी बड़े धोखे का शिकार होने से बच गए।