किन्नर बनकर ट्रेनों में वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा, यूपी-बिहार के युवक गिरफ्तार


कटनी/जबलपुर। मध्य प्रदेश में ट्रेनों में किन्नर बनकर यात्रियों से पैसे वसूलने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि यूपी और बिहार के कुछ युवक बेरोजगारी के चलते किन्नर का रूप धारण कर ट्रेनों में वसूली का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इनका नेटवर्क कटनी से इटारसी रेलखंड तक सक्रिय था।
पकड़े गए आरोपियों में कानपुर निवासी आशीष (बदला हुआ नाम- आशी), महेश (माही) और पिंचू (तरन्नुम) शामिल हैं। तीनों जबलपुर के गायत्री नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे और वहीं से अपनी गतिविधियों का संचालन करते थे।
जांच में पता चला कि ये युवक घर से सामान्य कपड़ों में निकलते थे। रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले किसी सुरक्षित स्थान पर साड़ी या सूट पहनकर, मांग में सिंदूर लगाकर और मेकअप कर पूरी तरह किन्नर का रूप धारण कर लेते थे। उनकी बोलचाल, हाव-भाव और आवाज इतनी स्वाभाविक होती थी कि यात्री ही नहीं, कई बार पुलिसकर्मी भी उन्हें पहचान नहीं पाते थे।
इसके बाद ये विभिन्न ट्रेनों में चढ़कर यात्रियों से पैसे मांगते और वसूली करते थे। पुलिस को लंबे समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को पकड़ा गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं तथा यह गतिविधि कब से संचालित की जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights