जौनपुर: भाई की मौत का सदमा नहीं सह सके वृद्ध, कुछ घंटों में दो भाइयों की मौत से गांव में मातम

जौनपुर। शाहगंज थाना क्षेत्र के परासिन गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। बीमार चचेरे बड़े भाई का हालचाल लेकर लौट रहे एक वृद्ध की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। वहीं, उनकी मौत की खबर सुनकर बड़े भाई ने भी सदमे में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में कुछ घंटों के भीतर हुई दो मौतों से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, परासिन गांव निवासी 70 वर्षीय राम नारायण प्रजापति रविवार को अपने 85 वर्षीय चचेरे बड़े भाई राम दवर का हालचाल जानने उनके घर गए थे। शाम को वापस लौटते समय गांव के पास एक गहरे गड्ढे के निकट उनका संतुलन बिगड़ गया और वे उसमें गिर पड़े।
बताया जाता है कि गड्ढे में दलदली मिट्टी भरी हुई थी, जिससे वे बाहर नहीं निकल सके। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान राम नारायण का शव गड्ढे में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, देर रात जब राम नारायण की मौत की सूचना उनके बीमार चचेरे भाई राम दवर को मिली तो उन्हें गहरा सदमा लगा। परिजनों के अनुसार, खबर सुनते ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही समय बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
लगातार हुई इन दो दुखद मौतों से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।