100 करोड़ की लागत से वाराणसी में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग, विकसित होगा भव्य शिव थीम पार्क

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी को जल्द ही एक नई पहचान मिलने जा रही है। वाराणसी नगर निगम भेलूपुर जलकल विभाग की 20 एकड़ भूमि पर लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग और भव्य शिव थीम अर्बन पार्क विकसित किया जाएगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार परियोजना का टेंडर जारी किया जा चुका है और अगले 8 से 9 महीनों में इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। �
प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 130 फीट ऊंचे विशाल शिवलिंग की स्थापना की जाएगी, जिसे विश्व का सबसे ऊंचा शिवलिंग बनाने का दावा किया जा रहा है। पूरे पार्क को शिव थीम पर विकसित किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पार्क में शिवलिंग के चारों ओर आकर्षक पाथवे, लेजर शो, हाईटेक झूले, गजीबो और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा ओपन आर्ट गैलरी, म्यूजियम, सिटी पार्क तथा अत्याधुनिक प्लैनेटोरियम (तारामंडल) भी प्रस्तावित हैं। म्यूजियम में काशी के पद्म पुरस्कार प्राप्त कलाकारों और देश की प्रमुख विभूतियों से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की जाएंगी।
नगर निगम का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, हरित क्षेत्र बढ़ाना तथा वाराणसी को एक नए पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित करना है। �