मेडिकल कॉलेज में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ


जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजकीय मेडिकल कॉलेज जौनपुर में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने फीता काटकर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने मंत्री का स्वागत करते हुए संस्थान द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाए जा रहे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा गोद लिए गए गांवों में एमबीबीएस छात्र नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श प्रदान कर रहे हैं।
अपने संबोधन में मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन औषधि योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के विकास एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया, इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का हालचाल जाना तथा विभिन्न ओपीडी विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ईएनटी विभाग में अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया और चिकित्सकों की सेवाभावना की सराहना की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.ए. जाफरी ने अस्पताल की वर्तमान सेवाओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह एवं उनकी टीम के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक, कर्मचारी, मरीज एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights