व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन


जौनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जौनपुर इकाई ने व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी सैमुअल एन. पाल के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन जिला महामंत्री आरिफ हबीब के नेतृत्व में प्रस्तुत किया गया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री/पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल के निर्देश तथा प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष इंद्रभान सिंह इंदु के आदेश पर सौंपे गए ज्ञापन में व्यापारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।
ज्ञापन में मांग की गई कि जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों का स्वास्थ्य बीमा कराया जाए तथा दुकानों में आगजनी जैसी घटनाओं से सुरक्षा के लिए एक करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा विभागीय बकाया अथवा रिटर्न विलंब से जमा करने पर लगाए जाने वाले 18 प्रतिशत ब्याज को घटाकर 9 प्रतिशत किए जाने की मांग भी की गई।
व्यापारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा जारी लाइसेंसों को आजीवन वैध करने तथा सर्वे एवं छापेमारी की कार्रवाई को पूरी तरह कानून सम्मत ढंग से संचालित किए जाने की मांग उठाई। वहीं बिजली बिल में मीटर रीडिंग के आधार पर बिलिंग होने की स्थिति में फिक्स चार्ज एवं न्यूनतम शुल्क समाप्त करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
ज्ञापन में व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाने की मांग भी शामिल रही। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार व्यापारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष उमेशचंद गुप्त, नगर महामंत्री आलोक रंजन सिन्हा, युवा जिला अध्यक्ष अरुण शुक्ल, युवा जिला उपाध्यक्ष सुमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला महामंत्री आरिफ हबीब ने बताया कि व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को शासन तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights