मुकद्दस सफर-ए-हज से हाजियों की वापसी शुरू, जौनपुर पहुंचे श्रद्धालुओं का हुआ भव्य स्वागत


जौनपुर। सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का से हज यात्रा पूरी कर हाजियों की वतन वापसी का सिलसिला अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में जौनपुर से हज पर गए श्रद्धालुओं का एक जत्था लगभग 40 दिनों की हज यात्रा पूरी कर सकुशल वापस जौनपुर पहुंचा।
वापस लौटने वाले हाजियों में उर्दू बाजार, सुतहट्टी बाजार, रिजवी खान (अटाला के पीछे) सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोग शामिल रहे। हाजियों के आगमन पर सैकड़ों की संख्या में मौजूद लोगों ने नारे बुलंद कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। परिजनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाएं पहनाकर तथा मुबारकबाद देकर हाजियों का अभिनंदन किया।
इस अवसर पर मरकजी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष हफीज शाह ने बताया कि जौनपुर से हज यात्रा पर गए कुल 68 हाजी अलग-अलग दिनों में अपनी यात्रा पूरी कर सकुशल वापस लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त कुछ लोग निजी कंपनियों के माध्यम से भी हज यात्रा पर गए थे, जो वापस आ चुके हैं।
हाजियों की सकुशल वापसी पर उनके परिवारों में खुशी का माहौल है तथा लोगों ने उनसे मुलाकात कर हज की मुबारकबाद पेश की। धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हाजियों का स्वागत करते हुए उनके लिए दुआएं कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights