राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन की बड़ी बैठक, सभी विभागों को जिम्मेदारी सौंपी

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 27 जुलाई को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में आनंदीबेन पटेल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। रविवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कैंप कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यक्रम स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सकीय टीम एवं सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा विभाग, डीपीआरओ सहित अन्य विभागों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।