चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर की बैठक सम्पन्न, संगठन मजबूती व शोभायात्रा पर मंथन


जौनपुर। श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर एवं कायस्थ समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की एक आवश्यक बैठक रविवार शाम बाजिदपुर दक्षिणी स्थित जिला उपाध्यक्ष अखिलेश श्रीवास्तव बबलू के आवास पर सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, नई कार्यकारिणी के गठन तथा आगामी श्री चित्रगुप्त भगवान शोभायात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संगठन अपने-अपने स्तर पर नई कार्यकारिणी की सूची तैयार कर शीघ्र जारी करेंगे। साथ ही समाज को ग्राम सभा स्तर तक संगठित करने पर भी सहमति बनी।
संरक्षक बजरंग प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट ने कहा कि विभिन्न संगठनों की एकजुटता जौनपुर में एक मिसाल प्रस्तुत कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चन्द श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त सर्व समाज के देवता हैं और शोभायात्रा में सभी समुदायों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
संयोजक सरस चन्द श्रीवास्तव ने समाज की एकता पर जोर देते हुए कहा कि कायस्थ समाज सदैव संगठित रहा है और आगे भी रहेगा। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने भगवान चित्रगुप्त मंदिर रूहटा में नियमित आरती एवं रविवार को विशेष आरती की जानकारी दी, साथ ही मंदिर एवं धर्मशाला के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी रखा गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों से मांग की गई कि जौनपुर में महान विभूतियों—नेताजी सुभाष चंद्र बोस, स्वामी विवेकानंद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और लाल बहादुर शास्त्री—की प्रतिमाएं स्थापित की जाएं तथा किसी प्रमुख चौराहे का नाम भगवान चित्रगुप्त ‘कलम-दवात चौराहा’ के रूप में रखा जाए। मंत्री गिरीश चंद्र यादव के जनसंपर्क अधिकारी मनीष श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि सभी मांगें मंत्री तक पहुंचाई जाएंगी।
इस अवसर पर मनीष श्रीवास्तव का स्वागत भी किया गया। बैठक में अनेक पदाधिकारी एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कारगिल दिवस पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही हाल ही में समाज के विभिन्न सदस्यों के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष श्रावणी पर्व पर भोज कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights