सभासदों का नगर पालिका पर आरोप, लापरवाही को लेकर एडीएम से कार्रवाई की मांग


शाहगंज (जौनपुर)। नगर पालिका परिषद शाहगंज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कई सभासदों ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त शिकायत पत्र सौंपा है। शिकायत में अधिशासी अधिकारी एवं सफाई प्रभारी पर घोर लापरवाही, जनहित के कार्यों में देरी और अनदेखी के आरोप लगाए गए हैं। सभासदों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, रजमानकी मंदिर स्थित बुढ़वा बाबा पोखरे में 24 जुलाई को बड़ी संख्या में मछलियों के मरने की सूचना मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों द्वारा नगर पालिका को दी गई थी। आरोप है कि सूचना के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में पोखरे से दुर्गंध फैलने और महामारी की आशंका बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद 27 जुलाई को मृत मछलियों को हटाया गया।
सभासदों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में आवारा एवं छुट्टा पशुओं की समस्या लगातार बनी हुई है। पशु पकड़ने वाली गाड़ी उपलब्ध होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं।
इसके अलावा नामांतरण संबंधी कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा गया कि नियमों का हवाला देकर आम लोगों के काम रोके जा रहे हैं, जबकि कथित मिलीभगत से कुछ लोगों के कार्य प्राथमिकता से निपटाए जा रहे हैं।
वहीं जेसीज चौराहे से आजमगढ़ रोड के बीच कई दिनों से सड़क पर मलबा पड़ा होने की शिकायत भी की गई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
सभासदों ने उप जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान वरिष्ठ सभासद राम प्रसाद मोदनवाल, परवेज अहमद, छेदीलाल वर्मा, श्याम जी गुप्ता, रूपेश जायसवाल, गणेश चौहान, मनीष जायसवाल, अर्पित जायसवाल, श्रेयांश मोदनवाल, किरण सोनी, संगीता यादव, संगीता जायसवाल, सुशीला देवी, मोहसिना, फैजान अहमद, अब्दुल्ला राइन, सिकंदर साहू, प्रेमचंद, शिवप्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights