प्रयागराज में अतीक अहमद के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 20 बीघा जमीन कुर्क

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत माफिया और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में प्रयागराज में कुख्यात माफिया अतीक अहमद के नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब 20 बीघा जमीन कुर्क कर ली है। अधिकारियों के अनुसार कुर्क की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब ₹1.10 अरब आंकी गई है।
जांच में सामने आया है कि अतीक अहमद ने धमकी और दबाव के बल पर कई चल एवं अचल संपत्तियां औने-पौने दामों में अपने कब्जे में ली थीं। इनमें से कई संपत्तियां उसने अपने करीबी लोगों और कथित बेनामी व्यक्तियों के नाम दर्ज कराई थीं। बाद में इन्हीं जमीनों पर प्लॉटिंग, आवासीय परियोजनाएं और कॉलोनियां विकसित कर बेचे जाने की जानकारी भी सामने आई है।
एसआईटी की जांच के दौरान पहले राजमिस्त्री हुबलाल के नाम पर दर्ज करोड़ों रुपये की संपत्तियों का खुलासा हुआ था। अब जांच एजेंसी ने कसारी मसारी निवासी मदन लाल भारतीया को भी चिह्नित किया है, जिसके नाम पर सदर तहसील के विभिन्न गांवों में कीमती जमीन दर्ज मिली है।
प्रशासन के अनुसार सदर तहसील के मौजा भीटी ताल्लुका असदुल्लापुर, कटहुला गौसपुर, शाहा उर्फ पीपलगांव और मन्दरी में स्थित विभिन्न आराजी नंबरों की कुल 12.9544 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया गया है। इस संपत्ति को अतीक अहमद के नेटवर्क से जुड़ा बताते हुए कुर्की की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन का कहना है कि माफिया से जुड़ी बेनामी संपत्तियों की पहचान और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी तथा अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।