मारपीट के मुकदमे में समझौते का दबाव, पीड़ित ने एसपी-डीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार


जौनपुर। मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के इटाये गांव निवासी लक्ष्मीशंकर ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अपने व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि मारपीट के दर्ज मुकदमे के बाद विपक्षी पक्ष उन पर समझौते का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को पुश्तैनी जमीन के सीमांकन को लेकर हुए विवाद में विपक्षी पक्ष ने उनके घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी गुड़िया के साथ मारपीट की। इस संबंध में थाना मड़ियाहूं में मु.अ.सं. 0294/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित का कहना है कि उनकी पत्नी का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है तथा उनका उपचार जिला महिला अस्पताल में हुआ।
लक्ष्मीशंकर ने आरोप लगाया है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद नामजद आरोपी और उनके सहयोगी लगातार एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मना करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है और घर के आसपास घूमकर भय का माहौल बनाया जा रहा है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मामले की विवेचना शीघ्र पूर्ण कर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
यह समाचार पीड़ित द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में यदि विपक्षी पक्ष या पुलिस प्रशासन अपना पक्ष रखना चाहता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights