दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई मुख्य आरोपी भोला राजभर के अवैध मकान पर चला बुलडोजर

जौनपुर। चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भोला राजभर के अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार शाहगंज की मौजूदगी में राजस्व और पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता-2006 की धारा 67 के तहत पारित आदेश के अनुपालन में की गई। राजस्व अभिलेखों के मुताबिक ग्राम लपरी, परगना अंगुली, तहसील शाहगंज स्थित गाटा संख्या 841 की ऊसर भूमि के 0.036 हेक्टेयर हिस्से पर भोला राजभर पुत्र जियालाल द्वारा करीब पांच वर्षों से अवैध कब्जा कर पक्का मकान, बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्माण कर लिया गया था।
मामले में क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट, संयुक्त सीमांकन, स्थलीय निरीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तहसीलदार न्यायालय ने अवैध कब्जा हटाने का आदेश पारित किया था। प्रतिवादी को विधिवत नोटिस जारी कर आपत्ति दाखिल करने का अवसर भी प्रदान किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई आपत्ति प्रस्तुत नहीं की गई।
आदेश के तहत आरोपी को सरकारी भूमि से बेदखल करते हुए 39,600 रुपये क्षतिपूर्ति और 10 रुपये निष्पादन व्यय वसूलने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गौरतलब है कि दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के बाद पुलिस और प्रशासन आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।