अपहरण के बाद मासूम की हत्या, साजिश में शामिल चार लोग पकड़े गए
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में 10 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साजिश में शामिल चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इस प्रकरण का मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ताजा गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को वादी ने अपने 10 वर्षीय पुत्र के अचानक लापता होने की सूचना थाना खजनी में दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन के दौरान सामने आया कि पड़ोस में रहने वाला सर्वेश भट्ट बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। बाद में उसकी हत्या कर दी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना खजनी की टीम ने लगातार जांच और साक्ष्य जुटाने का काम किया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि यह वारदात किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी, जिसमें परिवार और परिचितों की भी भूमिका रही।
इसी क्रम में पुलिस ने हरिनरायण शर्मा, सत्येन्द्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने साजिश में शामिल होने और मुख्य आरोपी का सहयोग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अपहरण और हत्या से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस जघन्य हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में फैले आक्रोश के बीच पुलिस की कार्रवाई से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली है। हालांकि, मासूम की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में अभी भी गहरा आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।