सावन से पूर्व पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल का निरीक्षण, कांवड़ यात्रा व काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
वाराणसी। सावन के प्रथम सोमवार के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा मार्ग एवं श्री काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गिरजाघर मार्ग से गोदौलिया, काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र, कॉरिडोर एवं गंगा घाटों तक पैदल भ्रमण कर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि सावन में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पृथक डेडिकेटेड लेन की व्यवस्था, पीआरवी एवं क्यूआरटी की तैनाती, मंदिर क्षेत्र एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे निगरानी तथा कंट्रोल रूम से सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित किए जाने की जानकारी दी गई।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में सुगम दर्शन के लिए बैरिकेडिंग कर कतारबद्ध व्यवस्था लागू की गई है। स्थानीय श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु गेट संख्या-4 के अतिरिक्त गेट संख्या-4बी से पृथक प्रवेश व्यवस्था की गई है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र, विश्राम स्थल एवं चिकित्सा सुविधाएं स्थापित की गई हैं। प्रमुख स्थलों पर खोया-पाया केंद्र एवं सूचना सहायता व्यवस्था भी सक्रिय की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अवैध कट बंद करने तथा प्रमुख चौराहों पर जिगजैग बैरिकेडिंग लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्था की निगरानी की जा रही है, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन कर सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।