मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के बीच बारिश बनी चुनौती, SSP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार हो रही झमाझम बारिश जहां एक ओर कांवड़ियों की आस्था की परीक्षा ले रही है, वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गई है। बारिश के बीच सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए किसी कड़ी परीक्षा से कम नहीं है।
इसी क्रम में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। रविवार को वह शिव चौक पहुंचे, जहां उन्होंने बारिश के बीच कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान SSP ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए और कांवड़ियों की सुरक्षा व सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की स्थिति का भी जायजा लिया।
प्रशासन का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।