स्वतंत्रता दिवस पर दौड़ेगा जौनपुर, क्रॉस कंट्री रेस में दिखेगा खिलाड़ियों का दम


जौनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में खेल विभाग द्वारा क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा। जिला खेल कार्यालय, जौनपुर के तत्वावधान में 15 अगस्त 2026 को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिद्दीकपुर में पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे से होगा।
खेल अधिकारी ने बताया कि पुरुष वर्ग के लिए 5 किलोमीटर तथा महिला वर्ग के लिए 3 किलोमीटर की रेस निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 14 अगस्त तक स्टेडियम पहुंचकर पूर्व चैम्पियन एथलीट कृष्ण कुमार यादव से संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
दूर-दराज से आने वाले खिलाड़ी 15 अगस्त को सुबह 6 बजे स्टेडियम पहुंचकर मौके पर भी पंजीकरण करा सकेंगे। प्रविष्टि का अंतिम समय सुबह 6:30 बजे तय किया गया है, इसके बाद किसी भी प्रतिभागी का नाम स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस आयोजन को लेकर जिले के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights