शिवगुलामगंज में खाद्य विभाग का बड़ा वार, 40 किलो दोहरा बरामद


30 किलो सुपारी भी मिली, तीन नमूने जांच को भेजे; युवक पुलिस के हवाले, बरामद सामग्री मौके पर नष्ट
जौनपुर। मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को शिवगुलामगंज मार्केट में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने विकास अग्रहरि पुत्र विनय अग्रहरि के निवास स्थान से करीब 40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी बरामद की।
कार्रवाई के दौरान खाद्य विभाग की टीम ने दोहरे के तीन नमूने जांच के लिए लिए। इसके बाद बरामद दोहरा और सुपारी को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। मौके पर मौजूद विकास अग्रहरि को पुलिस की सहायता से पकड़कर संबंधित थाने भेजा गया, जहां उसके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज जायसवाल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक शंकर दुबे, विनोद यादव और अपराजिता तिवारी शामिल रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिलावटी, प्रतिबंधित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री या निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights