मदरसे की 17 वर्षीय किशोरी ने मौलवी पर दुष्कर्म का लगाया आरोप

फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र में मदरसे में पढ़ने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने वहां पढ़ाने वाले मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मौलवी ने किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया और 16 अगस्त की रात उसे मिलने के लिए बुलाया।
आरोप है कि इसके बाद मौलवी किशोरी को बहला-फुसलाकर फर्रुखाबाद ले जाने का प्रयास कर रहा था। किशोरी के घर से गायब होने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों रास्ते में मिल गए, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
फर्रुखाबाद का रहने वाला बताया जा रहा आरोपी
आरोपी की पहचान अब्दुल समद के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र के बंथल शाहपुर गांव का निवासी बताया गया है और ललौली क्षेत्र के एक गांव स्थित मदरसे में पढ़ाता था।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
किशोरी के चाचा की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ उसके बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, किशोरी ने अपने बयान में मौलवी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।