यूपी में 52 नेताओं को मिली बुलेटप्रूफ जैकेट, अखिलेश-मायावती समेत कई बड़े नाम शामिल


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। सुरक्षा मुख्यालय की ओर से प्रदेश के 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश सरकार के 11 मंत्री भी बुलेटप्रूफ जैकेट पाने वालों में शामिल हैं। इनमें निषाद पार्टी के संजय निषाद, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, ओम प्रकाश राजभर, स्वतंत्र देव सिंह, जयवीर सिंह और महेंद्र सिंह समेत अन्य नेताओं के नाम बताए जा रहे हैं। भाजपा नेता अपर्णा यादव को भी बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराई गई है।
बताया जा रहा है कि सुरक्षा मुख्यालय ने करीब 1.5 लाख रुपये प्रति जैकेट की दर से इनकी खरीद की है। पहले चरण में आठ और दूसरे चरण में 44 नेताओं को जैकेट उपलब्ध कराई गईं। इस तरह कुल 52 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट दी गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुल 98 नेताओं और महत्वपूर्ण व्यक्तियों को अलग-अलग श्रेणियों की सुरक्षा प्रदान की जा रही है। विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और संभावित खतरे को देखते हुए बुलेटप्रूफ जैकेट उपलब्ध कराने का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था में किए जा रहे बदलाव के तहत वीआईपी और महत्वपूर्ण राजनीतिक व्यक्तियों की सुरक्षा को और मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights