बागपत में काठा टोल प्लाजा पर बवाल, भाजपा नेताओं और टोलकर्मियों में मारपीट


बागपत। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के काठा टोल प्लाजा पर मंगलवार को टोल शुल्क को लेकर भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं और टोलकर्मियों के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टोल मैनेजर अंकित धामा का आरोप है कि करीब 20 से 25 गाड़ियों का काफिला टोल प्लाजा पर पहुंचा और बिना टोल दिए वाहनों को निकालने का प्रयास किया गया। टोलकर्मियों ने टोल शुल्क मांगा तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि काफिले में शामिल युवकों ने टोल कर्मचारियों के साथ लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की तथा टोल बूथ में तोड़फोड़ की।
वहीं भाजपा नेताओं की ओर से आरोप लगाया गया कि टोल पार करने के बाद टोलकर्मियों ने वाहनों को रोककर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हैदर चौधरी, पूर्व प्रधान मुर्तजा समेत पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। वाहनों में भी तोड़फोड़ का आरोप है।
टोल प्रबंधन की ओर से भी दो कर्मचारियों के घायल होने की शिकायत की गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। भाजपा नेताओं पर हमले के मामले में 15 अज्ञात टोलकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights