मजदूर की पीट-पीटकर हत्या का मामला, बेरहमी से पिटाई का वीडियो आया सामने
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में बेरहमी से पिटाई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में चार से पांच लोग एक मजदूर की जमकर पिटाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मजदूर को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा था।
घटना के बाद मजदूर की मौत हो गई। उसका शव 21 अगस्त को चोलापुर थाना क्षेत्र में मिला था। मामले में पुलिस ने 26 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। वहीं, मजदूर की पिटाई का वीडियो बनाने वाला युवक भी फरार है।
पुलिस फरार आरोपियों और वीडियो बनाने वाले युवक की तलाश में जुटी है। सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।