पिता को चाय पिलाकर फरार हुआ आरोपी, पत्नी और तीन बेटियों की हत्या


जयपुर। राजस्थान के जयपुर के करधनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, राहुल झा पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की पत्थर से हमला कर हत्या करने का आरोप है। चारों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना करधनी क्षेत्र की गोविंद वाटिका स्थित प्लॉट नंबर ए-169 में हुई। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे चार लोगों की हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर की तलाशी ली तो पहली मंजिल के एक कमरे में राहुल की पत्नी गीता झा का शव मिला, जबकि तीन बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों से बरामद हुए।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय नंदिनी, 18 वर्षीय राधिका और 14 वर्षीय गौरी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि वारदात देर रात उस समय हुई, जब परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।
हत्या के बाद पिता को पिलाई चाय
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात हत्या के बाद आरोपी के व्यवहार को लेकर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद राहुल ने सुबह करीब सात बजे दूध वाले से दूध लिया और अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीनाथ के लिए चाय बनाई। उसने पिता को अपने हाथों से चाय पिलाई और इसके बाद घर से फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि राहुल के फरार होने के बाद से उसकी तलाश की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति बनी, जिसके चलते एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या की गई। आरोपी राहुल झा के कामकाज और हाल की गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि वह शेयर ट्रेडिंग का काम करता था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के सामने आने के बाद घटना की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights