विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारी तेज, EVM-VVPAT की FLC को लेकर अधिकारियों का प्रशिक्षण


लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। चुनाव में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) को निर्धारित मानकों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सुल्तानपुर रोड स्थित रूपाम, लखनऊ में सोमवार को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या और देवीपाटन मंडलों के 33 जनपदों के जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर शामिल हुए।
कार्यशाला में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की मौजूदगी में अधिकारियों को ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एफएलसी की पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जाए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि ईवीएम-वीवीपैट की एफएलसी के प्रत्येक चरण की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जाएगी। उनकी जानकारी और सहभागिता के साथ प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास कायम रहे।
अधिकारियों को तकनीकी प्रक्रियाओं में निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा एफएलसी के दौरान गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर में 21 और वाराणसी में 21 जनपदों के अधिकारियों को एफएलसी का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights