हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिले धनंजय सिंह, निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा


जौनपुर। रामदयालगंज के तिवारीपुर गांव में सरिया से हमला कर विशाल यादव की हत्या के बाद सोमवार शाम पूर्व सांसद धनंजय सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
इस दौरान आरोपी की एक विधायक के साथ वायरल हो रही तस्वीर को लेकर धनंजय सिंह ने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ फोटो खिंच सकती है और बाद में वह सोशल मीडिया पर वायरल हो सकती है। हालांकि, घटना में आरोपी की संलिप्तता है या नहीं, यह जांच का विषय है।
पूर्व सांसद ने अपनी पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसे लेकर अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी ने देशभर में हंगामा किया था। उन्होंने कहा कि जिन लोगों से उनके संबंध हैं, वे हैं और वह झूठ के आधार पर खड़े नहीं रहते।
धनंजय सिंह ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार लिखित शिकायत देता है तो प्रशासन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सकता है। वहीं, परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights