पीएम आवास की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर छह हजार की रिश्वत, कर्मचारी गिरफ्तार


मेरठ। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकान की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर छह हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन यूनिट ने आवास विकास परिषद के आउटसोर्सिंग कर्मचारी अभिनव शर्मा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कीनानगर निवासी रंजना को वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान आवंटित हुआ था। बताया गया कि मकान के लिए वह करीब 76 हजार रुपये जमा कर चुकी थीं। आरोप है कि आवास विकास परिषद में आउटसोर्सिंग कर्मचारी अभिनव शर्मा ने आवास योजना से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर उनसे छह हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
रिश्वत की मांग से परेशान महिला ने एंटी करप्शन यूनिट से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप की कार्रवाई की। निर्धारित योजना के तहत महिला ने आरोपी को छह हजार रुपये दिए। इसी दौरान पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने अभिनव शर्मा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights