प्रयागराज में सपा जिला सचिव की गोली मारकर हत्या बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारी गोली, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम समाजवादी पार्टी के जिला सचिव एवं मुग्रराव गांव के पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की। गोली पीठ में लगने से पवन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पवन यादव मंगलवार शाम करीब छह बजे हंडिया क्षेत्र में 52 नंबर पिलर के पास कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि दो बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे। बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पवन यादव को निशाना बनाकर गोली चला दी।
गोली लगते ही पवन यादव गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी बीच हमलावर बाइक से बरौत की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। घायल पवन यादव को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पवन यादव समाजवादी पार्टी के जिला सचिव होने के साथ ही पूर्व प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष भी बताए जा रहे हैं। हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे बाइक सवार बदमाशों की पहचान की जा सके।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारण का पता जांच आगे बढ़ने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights