“एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह ने संभाली कमान, किसानों की समस्याओं के मौके पर समाधान का निर्देश”फोरलेन की रफ्तार बढ़ाने को प्रशासन का बड़ा अभियान आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर गांव-गांव लगेगा कैंप, किसानों की चौखट पर पहुंचेगा समाधान


केराकत (जौनपुर)। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग के फोरलेन निर्माण को गति देने के लिए प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंक दी है। भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान और अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव कैंप लगाए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य है कि किसानों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जाए।
एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों, ग्राम प्रधान, कोटेदार, लेखपाल, नायब तहसीलदार, कानूनगो तथा किसानों एवं ग्रामवासियों के साथ बैठक हुई। इसमें फोरलेन निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि और मुआवजा भुगतान से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीएम अखिलेश कुमार सिंह ने किसानों से अपील की कि जिन पात्र लोगों का भूमि मुआवजा भुगतान होना है, वे आवश्यक प्रक्रिया और अभिलेख जल्द पूरे कर भुगतान प्राप्त करें। साथ ही निर्माण कार्य के लिए आवश्यक भूमि को समय से खाली कर प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को उचित भुगतान उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। भूमि अधिग्रहण या मुआवजा भुगतान से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी प्रशासन को दी जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।
तहसील के चक्कर नहीं, गांव में ही होगा समाधान
एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए गांव-गांव कैंप लगाकर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण किया जाए। कैंप में भूमि अभिलेख, मुआवजा भुगतान और लंबित मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि वह स्वयं भी मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी करेंगे।
प्रशासन की इस पहल से किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ आजमगढ़-वाराणसी मार्ग के फोरलेन निर्माण के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है।