मणिमहेश में भारी बर्फबारी, श्रद्धालुओं की यात्रा कुछ देर रोकी गई
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर स्थित प्रसिद्ध श्री मणिमहेश धाम में मौसम ने अचानक करवट ली है। मणिमहेश झील और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। मणिमहेश में करीब चार इंच तथा गौरीकुंड क्षेत्र में करीब तीन इंच बर्फबारी दर्ज की गई।
बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया। श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई। मौसम में सुधार आने के बाद प्रशासन ने यात्रा को दोबारा शुरू करने की अनुमति दी।
मणिमहेश यात्रा का मुख्य राधाष्टमी स्नान 19 सितंबर को होना है। इसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश की ओर पहुंच रहे हैं। प्रशासन लगातार मौसम और यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।