20 सितंबर को लगेगा ऐतिहासिक भादो छठ मेला, तैयारियों में जुटा प्रशासन सूरज कुंड तालाब के समीप सजेगा मेला, दूर-दराज से पहुंचने लगे दुकानदार; सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट


जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र में हर वर्ष आयोजित होने वाला ऐतिहासिक भादो छठ मेला इस बार 20 सितंबर, रविवार को आयोजित होगा। मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दूर-दराज से दुकान लगाने वाले दुकानदारों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मेला स्थल पर झूले, खिलौने और लकड़ी से बने घर-गृहस्थी के सामान की दुकानें सजने लगी हैं। वहीं, मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, सरायख्वाजा गांव के प्राचीन सूरज कुंड तालाब के समीप लगने वाले इस मेले में श्रद्धालु तालाब में स्नान-ध्यान करने के बाद पास स्थित मंदिर में दर्शन-पूजन करते हैं। स्थानीय लोगों में मान्यता है कि यहां स्नान और पूजा करने से चर्म रोग समेत विभिन्न बीमारियों से राहत मिलती है। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में पहुंचते हैं।
किसान मेले के नाम से भी है पहचान
भादो छठ मेले को किसान मेला भी कहा जाता है। मेले में किसानों की जरूरत की सामग्री के साथ घरेलू उपयोग की वस्तुएं, बच्चों के खिलौने और अन्य सामान उपलब्ध रहते हैं। लकड़ी से बने घर-गृहस्थी के सामान मेले के प्रमुख आकर्षण माने जाते हैं। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए झूले समेत कई अन्य साधन भी लगाए जाते हैं।
दूर-दराज से पहुंच रहे दुकानदार
मेले में दुकान लगाने के लिए शाहगंज, गोंडा, फैजाबाद समेत विभिन्न स्थानों से दुकानदार पहुंचते हैं। शनिवार से ही मेला स्थल पर दुकानों को सजाने का काम शुरू हो गया है। कई दुकानदार मेला परिसर में डेरा जमाकर अपनी दुकानें तैयार करने में जुटे हैं। दुकानदारों को इस वर्ष भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना, पुलिस ने कसी कमर
सरायख्वाजा से सटे मनवल, सिद्दीकपुर, मल्हनी समेत आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों लोगों के मेले में पहुंचने की संभावना है। भीड़ को देखते हुए सरायख्वाजा थाना पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मेले के दिन पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था और संभावित रूट डायवर्जन को लेकर भी प्रशासन स्तर पर तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights