गाजियाबाद में नकली काली मिर्च का कारखाना पकड़ा, 13.34 लाख का माल बरामद


गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली काली मिर्च तैयार करने वाले एक कारखाने का खुलासा हुआ है। यहां कथित तौर पर मैदा, गोंद और रिफाइंड तेल समेत अन्य सामग्री से नकली काली मिर्च तैयार की जा रही थी।
कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 6 हजार किलो कच्ची सामग्री और 975 किलो तैयार नकली काली मिर्च बरामद की गई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 13.34 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान सामने आया कि तैयार किए जा रहे उत्पाद को काली मिर्च के रूप में बाजार में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बरामद सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
मामले में कारोबारी लोकेश गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभाग और पुलिस अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि तैयार नकली काली मिर्च कहां-कहां सप्लाई की जाती थी और इसके जरिए कितने समय से कारोबार किया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद यह भी सवाल उठ रहा है कि यदि यह नकली उत्पाद पहले से बाजार में पहुंच चुका था, तो उसकी बिक्री कितनी मात्रा में हुई और किन क्षेत्रों में इसकी आपूर्ति की गई। इन बिंदुओं पर जांच के बाद ही तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights