20 सितंबर को सांस्कृतिक संकुल में होगा सोनार समाज का महासमागम

25 जिलों के प्रतिनिधियों समेत जुटेंगे हजारों लोग, एकता, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी पर होगी चर्चा
वाराणसी। सोनार समाज की एकता, सम्मान, सुरक्षा, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी को लेकर 20 सितंबर को वाराणसी के सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में सोनार महा समागम का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे प्रस्तावित इस महासमागम में प्रदेश के करीब 25 जिलों के प्रतिनिधियों के साथ काशी के हजारों समाजजन के शामिल होने की तैयारी है।
अंधरापुल स्थित सिटी गार्डेन में आयोजित पत्रकार वार्ता में महासमागम के आयोजक स्वर्णकार भारती सेवा संस्थान के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद किशोर सेठ ने बताया कि आयोजन को लेकर काशी को 30 सेक्टरों में बांटकर घर-घर जनसंपर्क किया गया है। उन्होंने कहा कि महासमागम में सोनार समाज की राजनीतिक भागीदारी सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर चर्चा होगी और समाजहित में महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
संस्थान के राष्ट्रीय चेयरमैन रवि सर्राफ ने बताया कि महासमागम की तैयारी पिछले चार महीने से की जा रही है। उन्होंने कहा कि सर्राफा कारोबारियों और कारीगरों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी गंभीर मंथन होगा। विशेष रूप से बीएनएस की धारा 317 तथा पुराने आईपीसी की धारा 411 और 412 से जुड़े मामलों में कारोबारियों को होने वाली कथित कठिनाइयों, पुलिस कार्रवाई और उनके समाधान को लेकर सामूहिक पहल पर चर्चा की जाएगी।
महासमागम में व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मानजनक एवं न्यायपूर्ण वातावरण, सामाजिक उत्थान, शिक्षा, रोजगार और युवाओं को आगे बढ़ाने जैसे विषय भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, राबर्ट्सगंज, आजमगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, जौनपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, इटावा, कानपुर, आगरा, झांसी, कौशांबी, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही और गाजीपुर समेत मध्य प्रदेश एवं बिहार में भी जनसंपर्क कर प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
संस्थान की महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सरिता सर्राफ ने बताया कि आयोजन में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, कारीगरों और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने समाज के लोगों से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर एकता, संगठन और सामूहिक हित के लिए महासमागम में शामिल होने की अपील की।
पत्रकार वार्ता में अनिल चंचल, अरुण सोनी, कृष्ण कुमार सेठ ‘बच्चू जी’, कमल कुमार सिंह, विष्णु दयाल सेठ, श्याम सुंदर सिंह, पंकज सर्राफ, किशन सेठ, राजेश सेठ, बेबी सेठ और सुनीति सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।