सीएमओ के औचक निरीक्षण में मिली कई खामियां, अनुपस्थित चिकित्सक पर कार्रवाई के निर्देश

चंदवक, जौनपुर। डोभी विकासखंड क्षेत्र के बिरीबारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गंगाराम गौतम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आने पर सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सीएमओ ने अस्पताल के विभिन्न ओपीडी कक्षों, ब्लड जांच कक्ष, दवा वितरण कक्ष समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर की भी जांच की। रजिस्टर की जांच में कुछ चिकित्सकों के अनुपस्थित पाए जाने की बात सामने आई। ड्यूटी से नदारद मिले चिकित्सक डीपी सिंह के मामले में सीएमओ ने कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महिला प्रतीक्षालय में मौजूद मरीजों ने सीएमओ को बताया कि वहां पंखों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
वहीं, ग्रामीणों ने क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित होने वाले कथित पैथोलॉजी सेंटरों और अस्पतालों का मुद्दा भी सीएमओ के सामने उठाया। इस पर सीएमओ गंगाराम गौतम ने कहा कि जांच के दौरान जो भी अस्पताल या पैथोलॉजी सेंटर नियमों के विपरीत संचालित पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संस्थानों को सीज भी किया जाएगा।
सीएमओ के औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।