रामपुर पुलिस ने 1.20 कुंतल गांजा बरामद कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार


जौनपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजे की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी जौनपुर-भदोही सीमा के पास धौहरा नदी पुल पर चेकिंग के दौरान हुई।
पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम 19 सितंबर की सुबह करीब 4:25 बजे धौहरा नदी पुल, जौनपुर-भदोही बॉर्डर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले दो लोगों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा गया 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ छोटू, निवासी फिरोजपुर धर्मपुर, थाना पूराकलंदर, अयोध्या तथा विनीत सिंह, निवासी नागनाथपुर हसरो, थाना कादीपुर कला, सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपियों के कब्जे से 510 रुपये नकद और एक टेक्नो पोवा एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर थाना रामपुर में मु.अ.सं. 184/26 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights