श्रीराम कथा की कलश यात्रा में हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा


10 हजार रामभक्तों के शामिल होने का अनुमान, हनुमानघाट से निकलेगी भव्य कलश एवं शोभायात्रा
जौनपुर। सेवा भारती के तत्वावधान में बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में 21 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को उत्सव मोटल के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समन्वय बैठक में 20 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य कलश एवं शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
हनुमानघाट से निकलने वाली कलश एवं शोभायात्रा में करीब 10 हजार रामभक्तों के शामिल होने का अनुमान है। यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की भी तैयारी की गई है। बैठक में कलश यात्रा की संख्या, रूट मैप, सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
आयोजकों के अनुसार, शहर के ऊपर पुष्पवर्षक हेलीकॉप्टर और नीचे रामभक्तों के जय श्रीराम के उद्घोष से यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारी है। श्रीराम कथा के मुख्य आयोजक ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि कलश यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से जौनपुर के कल्याणार्थ श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है और इसे समाज परिवर्तन का माध्यम बनाना सेवा भारती का उद्देश्य है।
बैठक की अध्यक्षता काशी प्रांत के प्रांत कार्यवाह मुरली पाल ने की, जबकि संचालन सेवा भारती के विभाग प्रमुख डॉ. तेज सिंह ने किया। इस दौरान प्रांत संघचालक अंगराज सिंह, डॉ. वेदप्रकाश सिंह, अनिल गुप्ता, प्रेमचंद शुक्ल, राजीव कुमार सिंह, ब्रम्हेश शुक्ल, पप्पू माली, डॉ. विनोद कन्नौजिया, सुरेश सिंह, डॉ. मधुकर तिवारी सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights