रोहतक में आवारा कुत्ते का आतंक, महिला को सड़क पर गिराकर दोनों पैरों में काटा करीब आधे घंटे में पांच-छह लोगों पर हमले का स्थानीय लोगों का दावा, पीजीआई में कराया गया इलाज
रोहतक। हरियाणा के रोहतक की ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में आवारा कुत्ते के हमले से लोगों में दहशत फैल गई। सड़क पर बैठे कुत्ते ने अचानक एक महिला पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिराकर दोनों पैरों में काट लिया। महिला के चीखने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
घायल महिला को उपचार के लिए पंडित भगवत दयाल शर्मा पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PGIMS) ले जाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि इसी कुत्ते ने करीब आधे घंटे के दौरान पांच से छह अन्य लोगों को भी काटकर घायल किया। कुछ अन्य घायलों को भी अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पड़े।
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में आवारा और आक्रामक कुत्तों को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे कुत्तों को पकड़ने और क्षेत्र में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।