स्थानीय समस्याएं बताने पर भाजपा पार्षद से बोले सांसद रवि किशन—‘सपा जॉइन कर लिए क्या?’ भाजपा पार्षद और सांसद रवि किशन के बीच बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, बयान को लेकर चर्चाओं का दौर
गोरखपुर। स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा के एक पार्षद द्वारा सांसद रवि किशन से फोन पर बातचीत किए जाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पार्षद क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा सांसद के सामने रखते हुए दिखाई-सुनाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पार्षद द्वारा समस्याएं बताए जाने पर सांसद रवि किशन ने कथित तौर पर उनसे कहा कि ‘सपा जॉइन कर लिए क्या?’ साथ ही यह भी कहा कि वह सपा जैसी बातें कर रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि कोई जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं को अपने ही सांसद के सामने रखता है तो क्या उसे विपक्षी दल जैसी बात माना जाना चाहिए?
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। बातचीत किस संदर्भ में हुई और वीडियो का पूरा संदर्भ क्या है, यह स्पष्ट होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।