भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा में शामिल होगा सर्व समाज, 11 कायस्थ संगठनों समेत 15 सामाजिक संगठनों का समर्थन 11 नवंबर को बारीनाथ मठ स्थित चित्रगुप्त मंदिर से रूहट्टा मंदिर तक निकलेगी शोभायात्रा, सर्व समाज को जोड़ने पर जोर


जौनपुर। भगवान चित्रगुप्त किसी जाति विशेष के नहीं, बल्कि सर्व समाज के आराध्य हैं। इसी संदेश के साथ श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर की ओर से 11 नवंबर को प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस आयोजन को 11 कायस्थ संगठनों सहित 15 विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का समर्थन मिलने की जानकारी दी गई है। आयोजकों ने शोभायात्रा में सर्व समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

कायस्थ कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय चित्रांश महासभा जौनपुर के जिलाध्यक्ष दयाल सरन श्रीवास्तव के भगवान चित्रगुप्त कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता एवं महासमिति के संयोजक सरस चंद श्रीवास्तव ने कहा कि देवी-देवता और महापुरुष किसी जाति विशेष तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे संपूर्ण समाज के लिए पूजनीय होते हैं। भगवान चित्रगुप्त भी सर्व समाज के आराध्य हैं और रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को दोपहर तीन बजे बारीनाथ मठ स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो रूहट्टा स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर तक पहुंचेगी। शोभायात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया जाएगा।

सर्व समाज को जोड़ने के लिए बनेगी वृहद कमेटी

महासमिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता मनोज अग्रहरी ने कहा कि शीघ्र ही महासमिति की विस्तृत कमेटी घोषित की जाएगी, जिसमें सर्व समाज के लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एक वृहद बैठक भी आयोजित की जाएगी।

ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस जौनपुर के जिलाध्यक्ष डॉ. उमाकांत श्रीवास्तव और कायस्थ एकता मंच के अध्यक्ष दयाशंकर निगम ने कहा कि जिस तरह लोग अपने घरों में शुभ कार्यों के अवसर पर सर्व समाज को आमंत्रित करते हैं, उसी तरह भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा में भी सभी वर्गों के लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी भगवान को जाति-पाति के दायरे में बांधना उचित नहीं है।

महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष चंद्रमोहन श्रीवास्तव तथा कायस्थ महासभा 7235 के संस्थापक अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि आयोजन को 11 कायस्थ संगठनों और 15 विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन प्राप्त हुआ है।

कायस्थ संगठनों ने एकजुटता का दिया संदेश

राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद जौनपुर के जिलाध्यक्ष गिरिजेश श्रीवास्तव और कायस्थ संघ अंतरराष्ट्रीय के जिलाध्यक्ष अजय वर्मा अज्जू ने बताया कि शोभायात्रा बारीनाथ मठ स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर से शुरू होकर रूहट्टा स्थित मंदिर तक जाएगी।

कायस्थ महासभा 7235 के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव ‘दीनू’, कायस्थ महासभा 0064 के जिलाध्यक्ष मनोज वर्मा तथा श्री चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने कहा कि 11 कायस्थ संगठनों का एक साथ आना आपसी एकजुटता की दिशा में पहल है। उन्होंने अन्य कायस्थ संगठनों से भी महासमिति से जुड़कर एकता का संदेश देने की अपील की।

आमंत्रण और संगठन विस्तार की सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में विभिन्न कायस्थ एवं सामाजिक संगठनों से संपर्क कर उन्हें शोभायात्रा में आमंत्रित करने की जिम्मेदारी अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के जिलाध्यक्ष दयाल सरन श्रीवास्तव, कायस्थ एकता मंच के अध्यक्ष दयाशंकर निगम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शशि श्रीवास्तव ‘गुड्डू भैया’ एडवोकेट तथा राष्ट्रीय संरक्षक उमेश श्रीवास्तव ‘फूफा जी’ को सौंपी गई। बैठक में संगठनों को मजबूत करने और आमंत्रण पत्र छपवाने सहित अन्य तैयारियों पर भी चर्चा हुई।

बैठक का संचालन राष्ट्रीय महासचिव राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भैया’ एडवोकेट ने किया। इस अवसर पर संरक्षक डॉ. विवेक श्रीवास्तव, बजरंग प्रसाद श्रीवास्तव एडवोकेट, डॉ. नीलेश श्रीवास्तव, डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, डॉ. एनके सिन्हा, डॉ. संजय श्रीवास्तव, डॉ. प्रतिमा श्रीवास्तव, डॉ. शशांक श्रीवास्तव, डॉ. सलिल श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव सोनू, रूपेश श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, अमर श्रीवास्तव, शैलेंद्र मोहन श्रीवास्तव, विनय श्रीवास्तव एडवोकेट, सरोज श्रीवास्तव, अखिलेश श्रीवास्तव बबलू, अनुपम श्रीवास्तव, संदीप श्रीवास्तव एडवोकेट, अवनीश श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव जिक्की, शिवशंकर श्रीवास्तव एडवोकेट, देवेंद्र श्रीवास्तव, दीपक श्रीवास्तव, आरपी श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, अनीस श्रीवास्तव नेताजी, राकेश श्रीवास्तव, बबलू कुमार श्रीवास्तव, राजेश किशोर श्रीवास्तव, आलोक वर्मा, विजय श्रीवास्तव और अतुल निगम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

उक्त जानकारी राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार विश्व प्रकाश श्रीवास्तव ‘दीपक’ ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights