मिठाई की चमक पर मत जाइए, पहले पूछिए निर्माण की तारीख! सिराथू के बाजारों में मिठाइयों की ताजगी पर उठे सवाल खुले काउंटरों पर निर्माण तिथि और ‘बेस्ट बिफोर’ की जानकारी नदारद, पुराने स्टॉक की बिक्री की आशंका से ग्राहकों की बढ़ी चिंता सिराथू (कौशांबी)। त्योहार हो या शादी-विवाह का सीजन, मिठाइयों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ और आकर्षक काउंटर हर किसी को अपनी ओर खींचते हैं। रंग-बिरंगी मिठाइयों की चमक देखकर ग्राहक खरीदारी तो कर लेते हैं, लेकिन मिठाई कितनी पुरानी है और उसे कितने समय तक खाना सुरक्षित है, इसकी जानकारी अक्सर नहीं मिल पाती। मिठाइयों की कीमत बताने में दुकानदार तत्पर रहते हैं, लेकिन उनकी निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि बताने के मामले में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिराथू तहसील क्षेत्र के देवीगंज, सैनी, सिराथू, शहजादपुर, कल्यानपुर, गुलामीपुर, भरवारी, शमसाबाद और अझुवा समेत विभिन्न बाजारों में मिठाई की दुकानों पर खुले काउंटरों में रखी मिठाइयों की ताजगी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई दुकानों पर मिठाइयों के ट्रे और काउंटर के पास उनके निर्माण की तारीख तथा ‘बेस्ट बिफोर’ यानी कितने समय तक मिठाई का सेवन किया जा सकता है, इसकी जानकारी प्रदर्शित नहीं की जाती।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के निर्देशों के तहत खुली मिठाइयों के कंटेनर और ट्रे पर निर्माण की तारीख तथा उपयोग की अवधि प्रदर्शित करने का प्रावधान है। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे ग्राहकों के सामने मिठाई की वास्तविक ताजगी पहचानने की समस्या खड़ी हो रही है।
पुराने स्टॉक की बिक्री की आशंका से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दुकानों पर कई दिनों पुरानी मिठाइयों की बिक्री की आशंका बनी रहती है। ग्राहक जब मिठाई की ताजगी या उसके निर्माण की तारीख के बारे में पूछते हैं तो उन्हें स्पष्ट और संतोषजनक जानकारी नहीं मिल पाती। त्योहारों और शादी-विवाह के मौसम में मिठाइयों की मांग बढ़ने के कारण इस तरह की लापरवाही ग्राहकों की चिंता और बढ़ा देती है।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। खासकर दूध, खोया और छेना से तैयार मिठाइयों के भंडारण में उचित तापमान और साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। ऐसे में मिठाइयों की ताजगी और गुणवत्ता की नियमित जांच बेहद आवश्यक हो जाती है।
मिठाई की कीमत तय, लेकिन उसकी उम्र का हिसाब क्यों नहीं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब ग्राहक मिठाई खरीदने के लिए पूरी कीमत चुकाता है तो उसे यह जानने का अधिकार क्यों न मिले कि मिठाई कब तैयार की गई और कितने समय तक उसका सेवन किया जा सकता है? पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर जरूरी जानकारी अंकित रहती है, लेकिन खुले में बिकने वाली मिठाइयों के मामले में भी उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से सिराथू तहसील क्षेत्र के सभी प्रमुख बाजारों में औचक निरीक्षण कराने, मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने और दुकानों पर निर्माण तिथि एवं ‘बेस्ट बिफोर’ की जानकारी प्रदर्शित कराने की मांग की है। साथ ही नियमों की अनदेखी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
अब देखना यह है कि खाद्य सुरक्षा विभाग ग्राहकों की सेहत से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर कब संज्ञान लेता है और मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए क्या कदम उठाता है।