घर से नकदी व जेवरात चोरी, पुलिस व फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी थानागद्दी।


कोतवाली केराकत क्षेत्र के बराई गांव में बृहस्पतिवार रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बराई निवासी मारकंडेय सिंह पुत्र मंसा सिंह के घर चोर छत के रास्ते घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर घर से करीब 20 हजार रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन जोड़ी चांदी की पायल (लगभग 900 ग्राम), 10 चांदी के सिक्के सहित अन्य कीमती सामान ले गए।
सुबह जब परिजनों की नींद खुली तो अलमारी व बक्सों के टूटे ताले और बिखरा सामान देख वे हतप्रभ रह गए। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम, फॉरेंसिक टीम तथा कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे। थानागद्दी चौकी की पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights