जौनपुर: बच्चों में रंग लगाने की बात पर बवाल, पत्थरबाजी में तीन घायल


जौनपुर। होली के दिन बुधवार को नगर के पॉलिटेक्निक चौराहे पर बच्चों के बीच रंग लगाने की मामूली बात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना लगभग सुबह 11 बजे पॉलिटेक्निक चौराहा के पास हुई। बताया जा रहा है कि रंग लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झड़प में बदल गया। इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई।
घटना में रूहट्टा मोहल्ला निवासी विद्या शुक्ला (70 वर्ष) पुत्र ज्ञान दास शुक्ला, संजीव कुमार शुक्ला (36 वर्ष) पुत्र विद्या शुक्ला तथा अमित चौबे (40 वर्ष) घायल हो गए। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सराय पोख्ता चौकी प्रभारी राजीव रंजन भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाकर उपचार व चिकित्सकीय परीक्षण कराया। चौकी प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि दूसरे पक्ष से कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
होली जैसे सौहार्दपूर्ण पर्व पर हुई इस घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात सामान्य कर लिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights