आजमगढ़ के चालक की दर्दनाक मौत: ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद लगी आग, तीन की मौत

आजमगढ़/बांदा। झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा मटौध थाना क्षेत्र के खैराडा रेलवे क्रॉसिंग के पास गुरुवार रात हुआ, जहां दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहरौला के पारा गांव निवासी सूर्यभान राम (50) ट्रक चालक थे और कई वर्षों से इसी पेशे से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। वह अपने खलासी के साथ गिट्टी लोड करने के लिए जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक अन्य गिट्टी लदे ट्रक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद धधक उठे दोनों ट्रक
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और चालक व खलासी वाहन के अंदर ही फंस गए, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस दर्दनाक घटना में दोनों ट्रकों के चालक और एक खलासी सहित कुल तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गांव में पसरा मातम
पोस्टमार्टम के बाद जब शुक्रवार सुबह सूर्यभान राम का शव उनके पैतृक गांव पारा पहुंचा, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।