जौनपुर: ट्रैक्टर खरीदकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत


जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के शेखाही उसरिया गांव निवासी एक युवक की ट्रैक्टर खरीदकर घर लौटते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 38 वर्षीय नंद किशोर यादव पुत्र राम मिलन शुक्रवार को अपने भाइयों मुलायम, अनुराग तथा एक अन्य साथी के साथ थार गाड़ी से रामनवमी के अवसर पर ट्रैक्टर खरीदने अयोध्या गए थे।
ट्रैक्टर खरीदने के बाद लौटते समय उनके भाई थार गाड़ी से आगे निकल गए, जबकि नंद किशोर ट्रैक्टर के साथ पीछे आ रहे थे। ट्रैक्टर को उनके साथ गया एक युवक चला रहा था।
बताया जा रहा है कि देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दोस्तपुर क्षेत्र में ओवरटेक के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे नंद किशोर नीचे गिर पड़े और ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही आगे जा रहे परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए शाहगंज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नंद किशोर ने दम तोड़ दिया।
शनिवार भोर में शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी निशा पति का शव देखकर बेसुध हो गईं, वहीं मां निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बेटियां अन्या (12), श्रेया (10) और पुत्र दक्ष (5) पिता को देख बिलख पड़े।
बहरहाल, परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शनिवार को ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights