नशे ने उजाड़ा परिवार: 4 बेटों की मौत, 5वां जिंदगी की जंग में

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नशे के कहर ने एक मां की पूरी दुनिया उजाड़ दी। बीते 3-4 वर्षों में उसके चार जवान बेटों की मौत हो चुकी है, जबकि पांचवां बेटा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कोई अकेली घटना नहीं है बल्कि पूरे इलाके में नशे का जाल तेजी से फैल चुका है। पीड़ित मां (काल्पनिक नाम संतोष कुमारी) का कहना है कि “मैं पांच बेटों की मां थी… चार को नशे ने छीन लिया, अब पांचवां भी आखिरी सांसें गिन रहा है।”
थाने के पास ही बिक रहा नशा
सबसे गंभीर आरोप यह है कि नशे का कारोबार खुलेआम, पुलिस थाने के बिल्कुल पास चल रहा है। मोहल्ले की महिलाओं का कहना है कि तस्कर बेखौफ होकर मोटरसाइकिल से आते हैं और ‘चिट्टा’ बेचकर आसानी से फरार हो जाते हैं।
लोगों का कहना है कि जब “गुरु नगरी” माने जाने वाले सुल्तानपुर लोधी में ही यह हाल है, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
“हमारे बेटे चले गए, अब पोतों को बचा लो”
मोहल्ले की कई महिलाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है। एक बुजुर्ग महिला ने कहा, “हमारे बेटे तो चले गए, अब कम से कम हमारे पोतों को बचा लो, नहीं तो अगली पीढ़ी खत्म हो जाएगी।”
नशे की लत ने युवाओं को इस कदर जकड़ लिया है कि वे घर का सामान तक बेचने को मजबूर हो रहे हैं।
पुलिस के रवैये पर उठे सवाल
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सख्त कार्रवाई के बजाय पुलिस ने लोगों को खुद तस्करों को पकड़ने की सलाह दी। हालांकि बाद में पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात कही गई, लेकिन जनता का भरोसा डगमगा चुका है।
सामाजिक ताना-बाना हो रहा तबाह
यह घटना दिखाती है कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, पूरे परिवार को खत्म कर देता है। जिन घरों में खुशियां होनी चाहिए थीं, वहां अब मातम पसरा है। बच्चे अनाथ हो रहे हैं और बुजुर्ग सहारे के बिना रह गए हैं।