: आजमगढ़ छठ पूजा के दौरान नदी और पोखरे में पांच किशोरों के डूबने से मचा हड़कंप,

आजमगढ़: छठ पूजा के दौरान नदी और पोखरे में पांच किशोरों के डूबने से मचा हड़कंप,

तीन को बचाया, दो की मौत,

 

आजमगढ़।   अतरौलिया और रानी की सराय क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान नदी और पोखरे में पांच किशोरों के डूब जाने से हड़कंप मच गया। इसमें तीन किशोरों को बचा लिया गया, जबकि दो की सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद पूजा का उत्साह गम में बदल गया। 

          अतरौलिया थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी सत्यम यादव की भाभी चमन छठ व्रत की थीं। पूरा परिवार तड़के घाट भरसानी गांव स्थित छोटी सरयू नदी किनारे उगते भगवान भाष्कर को अर्घ्य देने के लिए घर से निकला था। चमन पानी में उतर सूर्यदेव के उगने का इंतजार करने लगीं, जबकि परिवार के लोग पर्व की खुशियों में डूबे हुए थे। उसी समय सत्यम और रिश्तेदारी आए दो सगे भाई अनिकेत, अभिषेक और एक अन्य किशोर ने वहां से कुछ दूर जाकर सरयू में नहाने के लिए छलांग लगा दी। चारों को गहरे पानी में जाने का लोगों को एहसास हुआ तो चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद भरसानी गांव के दो युवक मिर्जा और विकास किशोरों को बचाने के लिए नदी में कूदे तो तीन को बचा लाए, जबकि सत्यम गहरे पानी में समा चुका था। 

      मशक्कत के बाद सुबह सत्यम को गहरे पानी से निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। 11वीं का छात्र सत्यम दो भाइयों में छोटा था।

     घटना की जानकारी होते ही बुआ के यहां पूजा में शामिल होने दो सगे भाई अनिकेत और अभिषेक पुत्र रामकुमार निवासी भोराजपुर के स्वजन पहुंच गए और दोनों को सुरक्षित देख संतोष की सांस ली, लेकिन सत्यम की मौत का दुख उनके चेहरे पर स्पष्ट नजर आ रहा था।

         तमौली गांव में अर्घ्यदान से पहले स्नान करते समय पोखरे में डूबने से किशोर की मौत हो गई। उसी गांव के राहुल यादव की मां व्रत थीं। भोर में परिवार के लोग पोखरे पर गए थे। अन्य बच्चों को स्नान करते देख राहुल भी स्नान के लिए पिता हेमंत से जिद करने लगा। स्नान करने से वहां तैनात महिला पुलिसकर्मी ने भी मना किया, लेकिन स्नान के लिए राहुल भी कूद गया और गहरे पानी में चला गया। पुलिस ने मछुआरों की मदद से निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाई व एक बहन में छोटा था।

         ग्रामीणों ने बताया कि बचाव के लिए उन्होंने अपनी ओर से बैरिकेंडिंग तैयार की थी, लेकिन मिट्टी निकालने के कारण अप्रत्याशित गहराई घटना का कारण बन गई। फिलहाल घटना के पीछे हाईवे निर्माण के लिए नदी से निकाली गई मिट्टी मूल वजह बनकर उभरी है। हालांकि, असली सच्चाई तो छानबीन में ही सामने आ पाएगी।

क्रांति फाउंडेशन दूत न्यूज़ चैनल ब्यूरो चीफ जौनपुर प्रवीण कुमार गौतम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights