जौनपुर | गौशाला संचालक पर हड्डियां बेचने का आरोप, गौ रक्षकों का प्रदर्शन

जौनपुर: नगर के पॉलिटेक्निक चौराहे के पास स्थित कृषि भवन परिसर में संचालित अस्थायी गौशाला को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गौशाला संचालक पर मृत पशुओं की हड्डियां बेचने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
इस मामले में गौ सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष पवन पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों गौ रक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि वे प्रतिदिन गौशाला में हरा चारा वितरित करने आते हैं और गौवंश की देखभाल में सहयोग करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन, योगी आदित्यनाथ की गौशाला व्यवस्था को लेकर मंशा के अनुरूप काम नहीं कर रहा है।
संगठन का आरोप है कि गौशाला संचालक पहले भी पशुओं का चारा बेचते हुए पकड़ा जा चुका है, जिसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था। अब आरोप है कि गौशाला परिसर में बड़ी मात्रा में हड्डियां इकट्ठा कर उन्हें बेचने की तैयारी की जा रही थी।
गौ सेवा संगठन ने यह भी दावा किया कि मृत गौवंश को दफनाने के बजाय उन्हें खुदवाकर हड्डियां निकाली जा रही हैं, जो गंभीर अनियमितता है।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और गौशाला संचालन की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, जबकि प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights