निकाह पढ़ते ही दूल्हे मियां मांगने लगे दहेज….. बिना दुल्हन के लौट गयी बारात.

खबर विशेष

 

निकाह पढ़ते ही दूल्हे मियां मांगने लगे दहेज….. बिना दुल्हन के लौट गयी बारात…

 

***********************************

 

मध्यप्रदेश के गुना में एक बारात बिना दुल्हन लिए लौट गई. कारण ये कि लड़के वालों ने निकाह पढ़ लेने के बाद लड़की पक्ष से 50 हजार रुपए नगद और एक बुलेट गाड़ी की मांग कर दी. इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. पुलिस को मामले की सूचना दी गई. जब तक पुलिस आई तब तक लड़के वाले लड़की को मंडप में ही छोड़कर भाग निकले थे. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

 

***********************************

 

विजय जोगी

 

गुना ….. मध्यप्रदेश

 

मध्यप्रदेश के गुना में एक मुस्लिम परिवार में दहेज का मामला सामने आया है. दहेज न मिलने पर बारात बिना दुल्हन के लौट गयी. दुल्हन पक्ष का आरोप है कि निकाह पढ़े जाने के बाद भी लड़के वाले विदाई करके दुल्हन नहीं ले गए. लड़के वालों ने दहेज की मांग कर दी. वे बुलेट गाड़ी और पैसे मांगने लगे. लड़की के पिता बोले- ऐन वक्त पर पैसे कहां से लाते. दूल्हा पक्ष ने लड़की वालों पर हमला बोल दिया. जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, तो लड़के वाले भाग खड़े हुए.

 

राघोगढ़ की रहने वाली लड़की की शादी उमर राइन नाम के लड़के से तय हुई थी. उमर कर्नलगंज का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक करीब 3 महीने पहले दोनों की सगाई हुई थी. शादी का कार्यक्रम गुना के श्रीराम मैरिज गार्डन में हो रहा था. यहां बारात लगाई गई निकाह भी पढ़वा लिया गया. इसके बाद लड़के की मां और पिता दहेज की मांग पर अड़ गए. लड़के के परिवार वाले शादी की सारी व्यवस्थाओं में खामियां निकालने लगे. इसके बाद लड़के ने 50 हजार रुपए की डिमांड की. उसके परिवार वाले बुलेट गाड़ी और सोने-चांदी के गहने मांगने लगे.

 

दहेज की मांग पर अड़े लड़के वाले…..

 

लड़की के पिता ने कहा-तुरंत इन चीजों की व्यवस्था कहां से होगी. लड़की के पिता मजदूरी करते हैं. बमुश्किल घर चल पाता है. इसके बाद लड़के वाले बोले इतना पैसा तो देना ही पड़ेगा. नहीं तो हम विदाई नहीं कराएंगे. विवाद बढ़ा तो लड़के वालों ने लड़की के भाई पर हमला कर दिया. उसकी गाड़ी तोड़ दी. झगड़ा होने पर पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़के वाले बिना दुल्हन लिए भाग निकले. लड़की के परिजन ने इसकी शिकायत गुना कोतवाली थाने में की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

 

पुलिस मामले की कर रही जांच..

 

पुलिस का कहना है कि महिला और उसके परिवार की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. अपराधों में अव्वल रहने वाले मध्यप्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों का आंकड़ा सबसे ज्यादा है. हालांकि समय के साथ कई रूढ़ियां पीछे छूट गई हैं फिर भी दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा आज भी संकुचित मानसिकता के चलते जिंदा है. जबकि समाज का एक बड़ा तबका आज लड़का और लड़की की शिक्षा पर ज्यादा बल देता है.

क्रांति फाउंडेशन दूत न्यूज़ चैनल ब्यूरो चीफ जौनपुर प्रवीण कुमार गौतम

Verified by MonsterInsights