बलिया में दिल दहला देने वाली वारदात बेटी को 2 बोरी गेहूं देने पर बेटे ने पिता की पीट-पीटकर हत्या, मां गंभीर घायल

बलिया। जिले के रसड़ा क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बेटी को दो बोरी गेहूं देने से नाराज़ बेटे ने अपने ही 75 वर्षीय पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि मां को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, नत्थूपुर गांव के पास महेंद्र चौहान (75 वर्ष) का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पास में ही मृतक की पत्नी घायल अवस्था में पड़ी मिलीं, जिन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
रसड़ा क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि महेंद्र चौहान ने अपनी बेटी को दो बोरी गेहूं दे दिया था, जिससे बेटा पप्पू चौहान नाराज़ था। इसी बात को लेकर पिछले दो दिनों से परिवार में विवाद चल रहा था, जो आखिरकार हत्या में बदल गया।
मृतक के दूसरे पुत्र शुकुल चौहान की तहरीर पर आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
👉 फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।